एथलेटिक्स: केन्या के इलिउद किपचोगे 2 घंटे से कम समय में मैराथन पूरी करने वाले पहले धावक

खेल डेस्क (एजेंसी) | केन्या के इलिउद किपचोगे दो घंटे से कम समय में मैराथन पूरी करने वाले दुनिया के पहले धावक बन गए। उन्होंने शनिवार को 42.195 किलोमीटर की दूरी को एक घंटा 59 मिनट और 40 सेकंड में तय किया। हालांकि, उनकी उपलब्धि को आधिकारिक तौर पर दर्ज नहीं किया गया, क्योंकि ये ओपन कम्पटीशन नहीं था। 34 साल के किपचोगे ने रोटेटिंग पेसमेकर्स का उपयोग किया था।

किपचोगे के नाम मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने पिछले साल 16 सितंबर को बर्लिन में 2 घंटे 1 मिनट और 39 सेकंड में मैराथन पूरी की थी। वहीं, किपचोगे ने मई 2017 में एक मैराथन में 2 घंटे 25 सेकंड का समय निकाला था।

मैराथन पूरी करने के बाद पत्नी को गले लगाया

मैराथन के दौरान किपचोगे की मदद के लिए 42 पेसमेकर्स शामिल किए गए थे। इनमें 1500 मीटर ओलिंपिक चैम्पियन मैथ्यू सेंट्रोविट्ज, ओलिंपिक 5000 मीटर रजत पदक विजेता पॉल चेलिमो और इंगेरब्रिजट्सेन भाई-जैकब, फिलिप और हेनरिक शामिल हैं। रिकॉर्ड बनाने के बाद किपचोगे ने अपनी पत्नी को गले लगा लिया। उन्होंने फैन्स के बीच से एक केन्याई ध्वज लिया और उसे ओढ़ लिया।

Leave a Reply