रायपुर। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का आज मेदांता अस्पताल दिल्ली में आज शाम 7.06 बजे निधन हो गया। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव की पार्थिव देह बुधवार 12 फरवरी को दिल्ली से विशेष विमान द्वारा सुबह 10 बजे अंबिकापुर लाई जाएगी। अंतिम यात्रा बुधवार 12 फरवरी को दोपहर 3 बजे राजमहल से पैतृक शमशानस्थल रानी तालाब तक जाएगी जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजमाता देवेंद्र कुमारी के पति एमएस सिंहदेव अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव थे। वहीं राजमाता अविभाजित मध्य प्रदेश में दो बार कैबिनेट मंत्री रहीं। राजमाता के पुत्र स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन टीएस सिंहदेव उनके निधन के वक्त अस्पताल में मौजूद थे। राजमाता के छोटे पुत्र एएस सिंहदेव भी निधन की खबर मिलते ही भोपाल से सरगुजा पहुंच गए। इस समाचार से पूरे सरगुजा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताते चलें, राजमाता कांग्रेस से काफी पहले से जुड़ी हुई हैं।