रायपुर (एजेंसी) | छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। चिठ्ठी-पत्री से शुरू हुई बात जुबानी जंग से अब सड़क पर आ गई है। केंद्र सरकार के केंद्रीय पूल में छत्तीसगढ़ का चावल लेने से इनकार करने के बाद प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा सांसदों के बंगले पर जमकर हंगामा किया। ढोल-नगाढ़े लेकर रायपुर सांसद सुनील सोनी के बंगले के बाहर पहुंचे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।
दरअसल, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने मेनिफेस्टो में 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी का वादा किसानों से किया था। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस तो अपना वादा पूरा कर रही है, लेकिन केंद्र की एनडीए सरकार पर दबाव बना रही है कि वह भी केंद्रीय पूल में इसी दाम से धान राज्य से ले। इसको लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिख चुके हैं। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने राज्य के तय दाम पर धान लेने से इनकार कर दिया है।
इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच केंद्र के राजी नहीं होने पर अब कांग्रेस ने इसके विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी के तहत शुक्रवार को कांग्रेसी नेताओं ने ढोल-नगाढ़े बजाकर भाजपा सांसद के बंगले और कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय, महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर किरणमयी नायक, महामंत्री गिरीश देवांगन, शहर अध्यक्ष गिरीश दुब समेत कई कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।