रायपुर (एजेंसी) | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दो दिवसीय दिल्ली दौरे से रायपुर लौटे। यहां एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से कहा कि रमन सिंह कह रहे हैं नान घोटाले में एक अपराधी के बयान पर केस दर्ज हुआ है, लेकिन जब ऐसा पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के खिलाफ हुआ था तब क्या वे सो रहे थे। आज चिदंबरम जेल में हैं, बेल भी नहीं मिली। रमन सिंह को आज अचानक यह ज्ञान कहां से हो गया।
बघेल ने कहा कि रमन सिंह चाउर वाले बाबा कहलाते थे, अब यह सिद्ध हो गया वो क्या हैं। 21 लाख फर्जी राशनकार्ड बने हैं, 36 हजार करोड़ का घोटाला है। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। बघेल ने कहा कि नान घोटाले के आरोपी शिवशंकर भट्ट को शुरू से रमन सिंह का संरक्षण था। वे उनके नजदीकी रहे। इनके बीच जो मिलीभगत है, वह उजागर हो गई है।
बदलापुर की राजनीति के आरोपों पर बघेल ने तल्खी दिखाते हुए कहा कि जो भी जांच और कार्रवाई हो रही हैं वे सब रमन सिंह के कार्यकाल की हैं। उनकी ओर से कोई अतिरिक्त कार्रवाई नहीं की गई। सीएम बघेल ने पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के साथ ही अजीत जोगी पर भी निशाना साधा। बघेल ने चुनौती दी कि कोई कार्रवाई बदले की भावना से की हुई मिले तो साबित करें।
अपनों का पूर्व सीएम के खिलाफ मोर्चा
राज्यसभा सांसद व अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने मंतूराम पवार के भाजपा प्रवेश पर बड़ा हमला किया है। नेताम ने इशारों में कहा कि मंतूराम का भाजपा प्रवेश स्थानीय नेताओं को भरोसे में लिए बिना हुआ था। जिम्मेदारों ने अपनों पर कम गैरों पर ज्यादा भरोसा किया, इसलिए पार्टी की ऐसी स्थिति बनी है। मंतूराम का जिस तरह बाजे-गाजे के साथ कार्यसमिति में स्वागत-अभिनंदन किया गया था, उससे ज्यादा नुकसान हुआ। इन कारणों से अब जवाब देते नहीं बन रहा।
बचाव में उतरे नेता प्रतिपक्ष
रमन सिंह का बचाव करते हिये नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, ‘नेताम से बात करेंगे। भाजपा पहले छोटी पार्टी थी। कार्यकर्ताओं ने मेहनत की, लोगों ने भरोसा किया और आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी का विस्तार न करते और सभी को शंका की ही दृष्टि से देखते रहते तो इतनी बड़ी पार्टी नहीं बनती।’