रायपुर. मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रदेशवासियों को छेर छेरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश का किसान जब धान की फसल खलिहान में लाता है और उसकी मिंजाई करके जब रास बांधता है तब किसान सहित सभी लोग प्रसन्न होते है। पौष पूर्णिमा के दिन मनायें जाने वाले छेर छेरा पुन्नी पर गांव के बच्चे, युवा और महिला संगठन खलिहानों और घरों में जाकर धान और भेंट स्वरूप प्राप्त पैसे इकट्ठा करते हैं और इकट्ठा किए गए धान और राशि रामकोठी में रखते हैं और वर्ष भर के लिए अपना कार्यक्रम बनाते हैं। खेल सामग्री और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सामग्री खरीदते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का किसान बहुत उदार होता है। किसानों द्वारा उत्पादित फसल केवल उसके लिए नहीं अपितु समाज के अभावग्रस्त और जरूरतमंद लोगों, कामगारों और पशु-पक्षियों के लिए भी काम आती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुसार आज ही के दिन भगवान शंकर ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी, आज ही मां शाकम्भरी जयंती है। इसलिए लोग धान के साथ साग-भाजी, फल का दान भी करते हैं। श्री बघेल ने कहा कि आज ही के दिन रतनपुर के राजा छह माह के प्रवास के बाद रतनपुर लौटे थे। उनकी आवभगत में प्रजा को दान दिया गया था। छेर छेरा पुन्नी जोहार कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती ममता चन्द्राकार ने छत्तीसगढ़ी राज गीत प्रस्तुत किया। साथ ही कार्यक्रम में बिहाव गीत सहित अन्य गीतों की मधुर प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने छेरछेरा पर कई घरों में जाकर लिया अन्नदान , फूलों की वर्षा और तिलक लगाकर हुआ स्वागत
छत्तीसगढ़ी की कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था में आज का दिन विशेष महत्व का है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यह पर्व आज बड़े उत्साह से मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भी इस पर्व पर राजधानी रायपुर के मठपारा में दुधाधारी मठ के आसपास कई घरों में जाकर छेर छेरा पुन्नी का दान लिया। मुख्यमंत्री ने घरों के सामने ‘छेर छेरा, माई कोठी के धान ला हेर हेरा‘ की आवाज लगाई। लोगों ने बड़े उत्साह और आत्मीयत से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। घर की महिलाओं ने मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की और तिलक लगाया। महिलाओं ने सूपा और टोकरी में मुख्यमंत्री को धान, साग-भाजी, फल-फूल और लड्डू की भेंट दी। बुजुर्ग महिलाओं ने श्री बघेल को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। श्री बघेल ने विनम्रता से सभी को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री लोक नर्तक दलों के साथ दान लेने निकले थे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय विकास मंत्री डॉ.शिव डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, सांसद श्रीमती छाया वर्मा, विधायक श्री धनेन्द्र साहू, श्री कुलदीप जुनेजा, श्री विकास उपाध्याय, रायपुर नगर निगम के महापौर श्री एजाज ढेबर, सभापति श्री प्रमोद दुबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा और श्री विनोद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी सहित संस्कृति विभाग, जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी और लोक कला दल के कलाकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।