रायपुर (एजेंसी) | छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को मतगणना शुरू हो गई है। प्रदेश भर में इसकी शुरुआत सुबह 9 बजे से हुई। इसके साथ ही नतीजे सामने आना शुरू हो गए हैं। जैसा कि इस बार बैलेट पेपर से मतदान हुए हैं ऐसे में मतों की गणना में थोड़ा ज्यादा समय लगने की बात कही जा रही है फिर भी बताया जा रहा है कि दोपहर 3 बजे तक ज्यादातर वार्डों के नतीजे सामने आ जाएंगे। कुछ बड़े वार्डों में वोटों की गिनती में थोड़ा समय लग सकता है ऐसे में जीत-हार के अंतिम आंकड़े दोपहर 2 बजे तक आने की बात कही जा रही है।
वही, प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भाजपा और कांग्रेस का खाता खुल गया है। दंतेवाड़ा के गीदम नगर पंचायत के 15 वार्डाें में से कांग्रेस को 10, भाजपा को 2 और निर्दलियों को 3 वार्डों में जीत मिली है। कोरबा के पाली नगर पंचायत के 15 में से 11 वार्ड में कांग्रेस की जीत हुई है। जबकि 4 में भाजपा प्रत्याशी जीते। पहली बार पाली नगर पंचायत को कांग्रेस का अध्यक्ष मिलेगा।
यही हाल छुरी नगरी पंचायत में भी है। यहां पर भी 15 वार्डों में से 8 पर कांग्रेस प्रत्याशी, 5 पर भाजपा और 2 वार्डों में निर्दलियों ने कब्जा किया है। हालांकि बलरामपुर के राजपुर नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 8 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। यहां 6 कांग्रेस और एक निर्दलीय के खाते में गए हैं। प्रदेश में फिलहाल ज्यादा जगहों पर कांग्रेेस प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। कई स्थानाें पर निर्दलीय आगे हैं। रायपुर में 38 वार्डों में कांग्रेस आगे, 23 में भाजपा और 7 में निर्दलीय बढ़त बनाए हुए हैं। यहां डाकमत पत्रों की गिनती पूरी हो गई है।
प्रदेश में 2840 वाॅर्डों के लिए 21 दिसंबर को मतदान हुआ था। इसमें 10162 पार्षद पद के उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार मतदान में खास बात यह रही कि प्रदेश में 16 साल बाद बैलेट पेपर से चुनाव हुए। राजधानी रायपुर के सभी 70 वाॅर्डों के लिए होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में मतगणना स्थल बनाया गया है। हर वाॅर्ड के 2-2 टेबल बनाए गए हैं। नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेशभऱ से 10 हजार 161 पार्षद प्रत्याशी मैदान में हैं।
मतगणना स्थल के गेट में सुबह साढ़े 6 बजे से भीड़ उमड़ गई है। पासधारियों को भी जांच के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। एक प्रत्याशी के साथ दो अभिकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति है। सुरक्षा और ट्रैफिक में 500 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। पार्टी के मफलर, पट्टा और मोबाइल, गुटखा ले जाना प्रतिबंधित है। सुबह सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने अभिकर्ता हो और उनके एजेंट की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम की सील तोड़ कर स्ट्रांग रूम खोला है।