राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ मंदिर में हुई एक घटना ने पुलिस का सकारात्मक चेहरा पेश किया है। राजनांदगांव जिले के इस मंदिर में बेसुध पड़ी एक महिला को उसका पति ऊपर चढ़ाने की कोशिश कर रहा था। बीमार महिला बेहद कमजोर होने की वजह से सीढ़ियां नहीं चढ़ पा रही थी। पास के ही सहायता केंद्र में तैनात महिला पुलिसकर्मी पूजा देवांगन ने कंधों से सहारा देकर महिला को ऊपर मंदिर तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पूजा ने उसे गोद में उठाया और तकरीबन 100 सीढ़ियां चढ़कर महिला को मां बम्लेश्वरी के दर्शन करवाए।
बिलासपुर के रहने वाले लेखक द्वारिका प्रसाद अग्रवाल इस दौरान खुद वहां मौजूद थे। सिपाही पूजा के जज्बे को उन्होंने अपने कैमरे में कैद कर लिया। द्वारिका ने बताया कि पूजा से उनका परिचय सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। वह यहां पहुंचकर पूजा से मुलाकात कर ही रहे थे कि, तब ही उनके साथ मंदिर आई पत्नी माधुरी ने उस बीमार महिला के पति को, उसे मंदिर ले जाने की कोशिश करते देखा और पूजा को जानकारी दी।
पूजा ने बताया कि वह बीमार महिला महाराष्ट्र के नागपुर शहर के पास के गांव से यहां आई थी। महिला को अस्थमा था और लकवा भी। पति ने बताया कि कई महीनों से वह, उसका इलाज करवा रहा है। अब डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए। पत्नी की इच्छा थी कि वह मंदिर के दर्शन करे। रोप-वे मदद से यह दंपति मंदिर के ऊपरी हिस्से तक पहुंची थी। मगर यहां से भी तकरीबन 100 सीढ़ियां चढ़ने के बाद ही माता के दर्शन होते हैं। इसी वजह से पूजा ने इनकी मदद की।