धान तस्करी और गड़बड़ी पर सीएम भूपेश की सख्ती का असर, सीएस की चॉपर व सीमाओं पर आईजी-एसपी की से नजर

रायपुर . धान खरीदी पर सप्ताह भर से जारी घमासान के बीच सोमवार को मुख्य सचिव आरपी मंडल को खरीदी देखने खुद निकलना पड़ा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें हेलीकाॅप्टर देकर कहा कि आप खुद जाएं और देखें कि धान खरीदी में कहां-कहां, क्या-क्या गड़बड़ी हो रही है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि राज्य के किसानों का शत-प्रतिशत धान खरीदा जाए। मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार की सुबह राजनांदगांव रेंज के डीआईजी रतन लाल डांगी और बिलासपुर आईजी प्रदीप गुप्ता ने खुद बात की और उन्हें सीमा में 75 दिनों तक मजबूत चौकसी करने के निर्देश दिए।

क्योंकि सबसे बड़ा आरोप यही था कि महाराष्ट्र और ओडिसा से किसान सस्ते दामों में खरीदकर छत्तीसगढ़ में 2500 रुपए क्विंटल में बेच रहे हैं।  उनके साथ समीक्षा की और दो दिन के दौरे पर निकलने के लिए कहा। फिर मंडल खाद्य सचिव कमलप्रीत और एमडी मार्कफेड शम्मी आबिदी को लेकर सुबह 8 बजे ही राजधानी से निकल गए।

मुख्य सचिव राजनांदगांव के चिरचारी केंद्र पहुंचे। जो महाराष्ट्र के बार्डर से लगा है। नांदगांव से लगी सीमा पर कमिश्नर दिलीप वासनीकर, डीआईजी रतनलाल डांगी कलेक्टर और एसपी के साथ कैंप किए हुए हैं। मुख्य सचिव ने कमिश्नर से कहा कि बार्डर के चेकपाेस्ट सील करें। हमारे किसानाें का धान शत-प्रतिशत खरीदें। पड़ाेसी राज्य की मंडियाें से 1200 में धान खरीदकर यहां खपाने का खेल चल रहा है। इसे ध्वस्त करना है।

इसके बाद सीएस कवर्धा के रेंगाखार बाेड़ला खरीदी केंद्राें में दबिश दी, जहां मध्य प्रदेश की सीमा का उपयाेग करते हुए काेचियाें का नेटवर्क यहां धान लाकर बेच रहा था। इसे भी राेकने कहा गया है। रेंगाखार में किसान ने बताया कि मोबाइल में पैसे खाते में जमा होने का मैसेज आया है।  रेंगाखार के बाद मंडल और अफसर का हेलीकाप्टर मुंगेली में पंडर भट्ठा समिति उतरा, वहां भी खरीदी बिना किसी परेशानी के स्मूथली हाे रही थी। वहां ताे कई बूढ़े किसान उत्साह के साथ लगे हुए थे। इन किसानाें ने बताया कि खरीदी के लिए पर्याप्त सुविधाएं हैं, पेमेंट में भी काेई दिक्कत नहीं हाे रही है। मंडल ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के पंजीयन तथा भुगतान के संबंध में दर्ज की जा रही ऑनलाईन जानकारी भी देखी।

अब तक 8 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, किसानों को 1005 करोड़ का हुआ भुगतान

सीएस मंडल राजनांदगांव के चिरचारी, कवर्धा के रेंगाखार, मुंगेली के पंडरभट्टा, बिलासपुर के कोटा-पिपरसरई-भरारी-नेवरा, जांजगीर-चांपा के चारपारा स्थित धान खरीदी केंद्रों में हेलीकाॅप्टर से और बलौदा, भरासी, उमरेली कार से पहुंचे। उनके साथ गए खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह ने बताया कि अब तक डेढ़ लाख से अधिक किसानों से 8 लाख 24 हजार मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। इसके लिए किसानों के खातों में 1005 करोड़ का भुगतान हो चुका है। किसी भी समिति में बारदाने की कमी नहीं है। सभी जगह बराबर नाप तौल के साथ क्वालिटी युक्त चावल खरीदा जा रहा है। कहीं भी नमी के नाम पर धान को रिजेक्ट नहीं किया जा रहा है। बिना किसी लिमिट के पूरा धान खरीदा जाएगा। साथ ही समितियों में भी खरीदी की कोई लिमिट नहीं होगी। वे अपने क्षेत्रफल के अनुसार एक-एक किसान का धान खरीदेंगे।

रात 11.15 बजे | रायगढ़ से 30 किमी दूर रेंगलपाली में सीएस आरपी मंडल ने गाड़ियों का औचक निरीक्षण किया

ऐसा क्यों…. राजनीतिक आरोपों की धार कम करने की कवायद
निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच धान खरीदी के विवाद ने बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। 21 दिसंबर को राज्य के 151 निकायों में मतदान होना है और विपक्षी दल भाजपा ने धान खरीदी के मुद्दे पर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। राज्य की 80 फीसदी आबादी सीधे खेती से जुड़ी है। इस कारण भाजपा ने भूपेश सरकार को कठघरे में खड़ा करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। इसी के चलते भूपेश सरकार ने किसानों को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सरकार किसानों की कथित नाराजगी को दूर करना चाहती है। या यूं कहें कि राजनीतिक आरोपों का जवाब देने के लिए धान खरीदी का पुख्ता इंतजाम करना चाहती है।

मंडल ने समितियाें से कहा-काेई लिमिट नहीं, पूरा धान खरीदें 
मुख्य सचिव ने समितियाें से कहा है कि भंडारण क्षमता के अनुसार खरीदी करें। खरीदी में परिसर का पूरा इस्तेमाल करें। धान की क्वालिटी, नमी और  साफ सफाई के साथ खरीदें। यह देश की सबसे बड़ी खरीदी है। हम अपने ही किसानाें का धान खरीदेंगे। किसी भी समिति से अब तक धान के बड़े रिजेक्शन की काेई शिकायत नहीं मिली है। सभी जगह नया धान और  पूरी तरह से सूखा ही लिया जा रहा है। अब तक हमने एक लाख 50 हजार से अधिक किसानाें से लगभग 8 लाख मीट्रिक टन धान खरीद लिया है। किसानाें काे एक हजार पांच कराेड़ का भुगतान कर दिया गया है। सीएस ने किसानाें से कहा कि प्रति एकड़ 15 क्विंटल के मान से धान खरीदा जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार की लिमिट नहीं लगाई गई है।

15 फरवरी के बाद भी जारी रहेगी खरीदी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी को लेकर चल रही सियासत के बीच बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार किसानों से 15 फरवरी के बाद भी धान खरीदी करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों का पूरा धान लिया जाएगा। किसानों को हो रही परेशानी के बीच सोमवार की शाम छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के नेताओ ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी पंजीकृत किसानों से 15 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से उनका पूरा धान खरीदा किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर खरीदी की समयावधि भी बढाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को परेशान होने जरूरत नही है, टोकन में परेशानी जैसी कोई बात नहीं है।

Leave a Reply