चित्रकोट उपचुनाव : कांग्रेस के राजमन बेंजाम 17 हजार वोटों से जीते, बस्तर में भाजपा साफ

chitrakoot-upchunav-result-2019

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के चित्रकोट में हुए उपचुनाव में कांग्रेेस उम्मीदवार राजमन बेंजाम ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के लच्छूराम कश्यप को 17862 वोटों से शिकस्त दे दी है। दंतेवाड़ा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद अब भाजपा को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा है। हालांकि शुरू से माना जा रहा था कि भाजपा के लिए चित्रकोट विधानसभा सीट बड़ी चुनौती है। गुरुवार को आए नतीेजों ने इसे स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस को मिली इस जीत के साथ ही बस्तर संभाग से भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। चित्रकोट उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान 78.12% वोट पड़े थे।

उपचुनाव में मतगणना शुरू होते ही पहले चरण से ही कांग्रेस उम्मीदवार रामजन बेंजाम ने बढ़त बनाना शुरू कर दिया था। यह बढ़त 17 चरणों में हुई वोटों की गिनती के साथ लगातार जारी रही। इस बीच संभावना जताई जा रही थी कि किसी राउंड में भाजपा प्रत्याशी लच्छूराम कश्यप आगे निकलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मतों का अंतर कम-ज्यादा जरूर हुआ, लेकिन रामजन बेंजाम बढ़त बनाए रहे। 9वें राउंड के बाद ही यह बढ़त इतनी ज्यादा हो गई कि भाजपा उम्मीदवार के लिए पार पाना मुश्किल हो गया।

किस प्रत्याशी को मिले कितने वोट 

पार्टी प्रत्याशी कुल वोट मिले
कांग्रेस राजमन वेंजाम (जीते) 62097
भाजपा लच्छूराम कश्यप 44235
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) बोमड़ा मंडावी 6527
सीपीआई हिड़मो राम मंडावी 6948
एपीआई लखेश्वर कवासी 2650
निर्दलीय रीतिका कर्मा 2575

दंतेवाड़ा उपचुनाव और चित्रकोट उपचुनाव के मतदान में सबसे बड़ा अंतर जो सामने आया है, वह है सरकारी कर्मचारियों के वोट। दंतेवाड़ा में जहां बड़ी संख्या में कर्मचारियों के वोट भाजपा के खाते में गए थे, वहीं चित्रकोट उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस के पंजे पर मुहर लगाई है। इस बार कुल 108 मत बैलेट से डाले गए। इसमें 20 निरस्त हो गए, जबकि 47 कांग्रेस, 38 भाजपा और 3 जोगी कांग्रेस के खाते में गए हैंै। वहीं नोटा इस बार पांचवें पायदान पर रहा। नोटा के बटन को 6225 मतदाताओं ने दबाया।

चित्रकोट की जनता को साधुवाद, जय दंतेश्वरी माई – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (पहला ट्वीट)

चित्रकोट विधानसभा के उपचुनाव में इस सीट को जीतना भाजपा के लिए शुरू से बड़ी चुनौती बनी हुई थी। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज को 62616 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के बैदूराम कश्यप को 44846 वोट मिले। दोनों की जीत-हार का अंतर 17770 वोटों का था। कुछ महीने बाद हुए लोकसभा चुनाव में फिर से दोनों प्रत्याशी आमने सामने थे। इस बार भी बैदूराम कश्यप को हार का सामना करना पड़ा था। दीपक बैज के सांसद चुने जाने के बाद ही यह सीट खाली हुई थी।

कांग्रेस बोली- 12 में 12 बस्तर हमारा, आदिवासियों ने भाजपा को नकारा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेेल ने चित्रकोट उपचुनाव में मिली जीत के बाद सबसे पहला ट्वीट किया, जय दंतेश्वरी माई। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिणाम हमारे पक्ष में आए हैं। चित्रकोट की जनता का इसके लिए साधुवाद। प्रशासन ने चुनाव संपन्न कराया। बीते चुनाव से 2 प्रतिशत कम मतदान हुआ, फिर भी जीत का अंतर बड़ा है। अब विधानसभा में हमारा तीन चौथाई से अधिक बहुमत हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी और अमित शाह के चेहरे को स्वीकार नहीं किया।

-शैलेश नितिन त्रिवेदी, महामंत्री, प्रदेश कांग्रेस

भाजपा का आरोप- वोटिंग प्रतिशत का बढ़ना संदेह को जन्म देता है

चित्रकोट उपचुनाव में मतदान के दिन वीडियो वारयल हुआ, इसमें अधिकारी बटन दबाते दिखे थे। यदि कांग्रेस को यह लगता है कि चित्रकोट और दंतेवाड़ा उन्होंने जीते हैं तो मैं उनसे मांग करता हूं नगरीय निकाय  चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से करवा लें, जनता का कांग्रेस पर विश्वास है कि नहीं दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। हमने पारदर्शी चुनाव की मांग कलेक्टर से की थी। दंतेवाड़ा में भी वोटिंग प्रतिशत का बढ़ना और कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग होना यह संदेह को जन्म दे रहा था। इस चुनाव में भी पारदर्शिता की कमी रही।

Leave a Reply