कोरबा | छत्तीसगढ़ में कोरोना पॉजिटिव का एक और मामला सामने आया। कोरबा की कटघोरा के मस्जिद में क्वारैंटाइन किए गए लोगों में से 16 साल के लड़का में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिला प्रशासन ने उसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया। छत्तीसगढ़ में यह सबसे कम उम्र के पॉजिटिव होने का मामला है। वहीं, कोरबा में संक्रमण का दूसरा केस है।
दरअसल, कामठी, नागपुर के 30 लाेग निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल हाेने के बाद 3-4 मार्च को कोरबा पहुंचे थे। धार्मिक स्थल की ओर से प्रशासन को इन यात्रियों के बारे में जानकारी दी गई थी। स्थानीय मस्जिद प्रबंधन की सूचना पर जिला प्रशासन ने इन्हें कटघोरा इलाके की ही दो मस्जिदों में अलग-अलग क्वारैंटाइन किया। सभी के सैंपल भी लिए गए थे।
95 सैंपल लिए गए, 49 की रिपोर्ट निगेटिव, 2 पॉजिटिव, बाकी का इंतजार
प्रशासन ने 90 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से 49 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि लंदन से आया एक युवक पॉजिटिव मिला था। इसके बाद 45 लोगों की रिपोर्ट पैंडिंग थी और यह सभी तब्लीगी जमात से आए लोग थे। इसमें से एक की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई। बाकी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के अब तक 10 मामले सामने आ चुके हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से 4 स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।