रायपुर. भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हो रही बैठक में गृहमंत्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई कार्यकर्ता मुझसे मिलने दिल्ली आते हैं। प्रदेश में सत्ता चले जाने से कुछ लोग चिंतित लगते हैं। वे कहते हैं कि प्रदेश में हमारी सरकार चली गई है। इससे वे निराश दिख रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता विपक्ष में रहते हुए ज्यादा खिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा का गढ़ है। जनता ने हमें विपक्ष में रहने का आदेश इस बार छत्तीसगढ़ में दिया है। जनता का आदेश ईश्वर का आदेश होता है। इसलिए इसे बिना किसी चिंता के स्वीकार करें।
शाह ने कहा देश में जनता ने लगातार दूसरी बार हमें पूर्ण रूप से समर्थन किया है। छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि चुनाव के परिणाम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का भाग्य तय नहीं कर सकते। कार्यकर्ताओं का उनका परिश्रम और मेहनत तय करता है। उन्होंने कहा, छह महीने के भीतर ही कांग्रेस को प्रदेश की जनता ने नाकार दिया। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जिताया। जनता समझ गई है कि विकास केवल भाजपा की सरकार में ही हो सकता है। 15 साल तक डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में विकास के नए आयाम प्रदेश में गढ़े गए। अब इन कार्यों पर रोक लग गई है।